कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
73.19 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, 1.18 लाख रुपये नकद बरामद
हबीबपुर पुलिस की छापेमारी में मिली सफलता, अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े तार खंगाल रही पुलिस
भागलपुर जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 73.19 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अनिकेत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से ब्राउन शुगर के अलावा एक लाख 18 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
मामला हबीबपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया शाहजंगी के पास का है। सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि हबीबपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अनिकेत कुमार इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले उसका सत्यापन किया। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर मौके से युवक को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 73.19 ग्राम ब्राउन शुगर, एक लाख 18 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इतनी बड़ी नकदी मिलने के बाद पुलिस को नशीले पदार्थों के कारोबार में बड़े नेटवर्क की आशंका है।
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि ब्राउन शुगर के इस अवैध कारोबार के पीछे कोई अंतरराज्यीय गिरोह तो सक्रिय नहीं है। आरोपी के मोबाइल फोन और संपर्कों की भी जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
.png)



