Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : बुलेट सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने दी गोली मारने की धमकी, किया फायरिंग

कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार

मुखिया प्रतिनिधि और शांति समिति सदस्य के सामने बदमाशों ने की दो राउंड हवाई फायरिंग

बुलेट सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने दी गोली मारने की धमकी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात से इलाके में दहशत

भागलपुर जिले के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द स्थित ब्राह्मण टोला के पास हथियारबंद बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। बुलेट सवार तीन बदमाशों ने जिला शांति समिति के सदस्य संजय कुमार यादव और बेलखोरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ब्रजेश कुमार के सामने दो राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी संजय कुमार यादव ने बताया कि वे रामपुर खुर्द स्थित अपनी तेल मिल के मिस्त्री को बुलाने गए थे। वहां से लौटने के दौरान एक किराना दुकान के पास उनकी मुलाकात मुखिया प्रतिनिधि ब्रजेश कुमार से हुई। दोनों सड़क किनारे अपने चारपहिया वाहन से उतरकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मुसहरी की ओर से तेज रफ्तार में बुलेट पर सवार तीन बदमाश पहुंचे। आरोप है कि उनमें से दो ने कमर से हथियार निकालकर लगातार दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी।

फायरिंग के बाद बदमाशों ने दोनों को धमकाते हुए कहा कि कोई कुछ नहीं बोलेगा, वरना गोली मार देंगे। इसके बाद तीनों बुलेट से फरार हो गए।

हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है और पूरी वारदात उसमें कैद होने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। अब पुलिस के सामने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की चुनौती है। हालांकि, फायरिंग के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।




Design by - Blogger Templates |