कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
52 ग्राम स्मैक और 8 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
लोदीपुर पुलिस की कार्रवाई, भागने के दौरान पकड़ा गया आरोपित; नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज
भागलपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोदीपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 52 ग्राम स्मैक और 8 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थों को जब्त कर आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित कर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 3 अक्टूबर को लोदीपुर पुलिस को सूचना मिली कि सैदपुर-बिशनपुर जिच्छो गांव में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने संबंधित क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा। सशस्त्र बलों की मदद से पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 52 ग्राम स्मैक और 8 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान सैदपुर-बिशनपुर जिच्छो निवासी सिंटू कुमार मंडल, पिता स्वर्गीय परमेश्वर मंडल के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर मादक पदार्थ की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। हालांकि, आरोपित की दोषसिद्धि का अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा।
.png)




