कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर छापा, पांच संदिग्ध गिरफ्तार
15 जिंदा कारतूस समेत मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम कार्ड व बैंक दस्तावेज बरामद; साइबर अपराध के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
भागलपुर जिले के जोगसर थाना क्षेत्र के आदमपुर स्थित तपस्वी हॉस्पिटल की पांचवीं मंजिल पर पुलिस ने छापेमारी कर पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, एक कमरे में बैठकर साइबर अपराध की योजना बनाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसएसपी प्रमोद कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम और डीआईयू ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 15 जिंदा कारतूस, सात मोबाइल फोन, सात एटीएम कार्ड, चार लैपटॉप, दो एप्पल आईपैड के अलावा पैन कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और कारतूस मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
एसडीपीओ नगर हेमंत सिंह ने प्रेसवार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था और कथित साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इधर, अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर इस तरह की गतिविधि सामने आने के बाद कई सवाल भी खड़े हो गए हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक अस्पताल संचालक या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी पर आरोप लगाना उचित नहीं होगा। पुलिस यह भी जांच करेगी कि संदिग्धों को परिसर में कमरा किस आधार पर मिला और बरामद कारतूस उनके पास कैसे पहुंचे। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर होगी।
.png)





