कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
12 साल बाद सांख्यिकी स्वयंसेवकों की वापसी की जगी उम्मीद, भागलपुर के 1600 नाम सरकार को भेजे
सूची मांगे जाने से खुशी, कार्यालय के बाहर जुटकर स्वयंसेवकों ने जताया आभार
करीब 12 वर्षों से अपनी सेवा बहाल होने की उम्मीद लगाए बैठे सांख्यिकी स्वयंसेवकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सरकार के निर्देश पर भागलपुर जिले से करीब 1600 सांख्यिकी स्वयंसेवकों की सूची योजना एवं विकास विभाग को भेजी गई है। सूची भेजे जाने के बाद स्वयंसेवकों में एक बार फिर काम पर लौटने की उम्मीद जगी है।
बताया गया कि करीब 12 वर्ष पहले सांख्यिकी स्वयंसेवकों की बहाली की गई थी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण देने के बाद उनसे छठी आर्थिक जनगणना समेत विभिन्न सांख्यिकीय कार्य कराए गए थे।
हालांकि बाद में सरकार ने इस व्यवस्था को पुनर्विचाराधीन बताते हुए काम पर रोक लगा दी। इसके बाद बड़ी संख्या में स्वयंसेवक बेरोजगार हो गए और लगातार अपनी सेवा बहाल करने की मांग को लेकर संघर्ष करते रहे।
अब सरकार की ओर से दोबारा सांख्यिकी स्वयंसेवकों की सूची मांगे जाने के बाद वर्षों से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के बीच खुशी की लहर है। भागलपुर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में स्वयंसेवक जुटे और खुशी का इजहार किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और योजना एवं विकास मंत्री भगवान कुशवाहा के प्रति आभार जताया।
स्वयंसेवकों का कहना है कि 12 साल बाद वापसी की उम्मीद ने उनके परिवारों में भी नई ऊर्जा पैदा की है। उनके लिए इस बार का दशहरा और दीपावली दोहरी खुशी लेकर आया है।
हालांकि अंतिम निर्णय सरकार की ओर से सेवा बहाली को लेकर लिया जाना बाकी है।
.png)



