प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका ,बिहार
जिले के फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के कुमारपुर गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला द्वारा कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों के बीच अफरातफरी मच गई। गंभीर हालत में परिजन महिला को उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
महिला की पहचान कुमारपुर गांव निवासी अजय सिंह की पत्नी श्वेता रानी के रूप में हुई है। अस्पताल में मौजूद परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को किसी बात को लेकर महिला की अपने ससुराल पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के बाद आक्रोश में आकर महिला ने घर में रखी फसलों में छिड़काव करने वाली कीटनाशक दवा खा ली। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. रोहित चंचल ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार, उपचार के बाद महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर अमरपुर थाने में पदस्थापित दारोगा शहनवाज खान पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने महिला से घटना के संबंध में पूछताछ कर उसका बयान दर्ज किया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद गांव में घरेलू विवाद को लेकर चर्चा का माहौल है। हालांकि, विवाद के वास्तविक कारणों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
.png)



