सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
जगन्नाथपुर में निशुल्क नेत्र जांच शिविर, 37 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिह्नित
22 अक्टूबर को बांका में होगा सभी मरीजों का मुफ्त ऑपरेशन, शिविर में सैकड़ों लोगों की हुई आंखों की जांच
बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव के वार्ड संख्या 12 में जदयू नेता पप्पू मंडल के सौजन्य से निशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन पंचायत समिति सदस्य अनिल मंडल और जदयू नेता पप्पू मंडल ने फीता काटकर विधिवत किया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह दी। साथ ही जरूरतमंद मरीजों के बीच निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। जांच के दौरान कुल 37 लोगों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए। इन सभी मरीजों को ऑपरेशन के लिए 22 अक्टूबर को बांका सिविल में बुलाया गया है, जहां उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन निशुल्क किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के शिविर के आयोजन से गरीब और जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिली। आर्थिक परेशानी के कारण आंखों की जांच और इलाज नहीं करा पाने वाले लोगों के लिए यह शिविर उपयोगी साबित हुआ। शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही जांच की सुविधा मिलने से उन्हें काफी सहूलियत हुई।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य अशोक मंडल, पांच सदस्य रामदेव मंडल, नंदन कुमार, अमरेंद्र कुमार, सूरज कुमार, प्रिंस राज, देवराज, पंकज कुमार सहित अन्य लोगों ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया। आयोजकों ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के शिविर आयोजित करना सराहनीय पहल है।
.png)





