कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
कहलगांव में युवक हत्याकांड का खुलासा, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
लोहे का टुकड़ा और मोबाइल बरामद, तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में युवक टिपिन कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कहलगांव थाना क्षेत्र के काजीपुरा निवासी मो. हुसैन और मो. अब्दुल असारी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को मृतक की पत्नी शेखा देवी ने अपने पति की हत्या को लेकर कहलगांव थाने में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हत्याकांड के उद्भेदन के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। इसी क्रम में पुलिस को मुख्य आरोपी मो. हुसैन के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि हुसैन की निशानदेही पर दूसरे आरोपी मो. अब्दुल असारी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का एक टुकड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर आगे की जांच कर रही है।
.png)



