सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
बांका में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के आरोप में प्रभारी प्रधानाध्यापक गिरफ्तार
बांका जिले के गांधी उच्च विद्यालय सबलपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार पर विद्यालय की 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा ने छेड़खानी का आरोप लगाया है।
मामले में छात्रा की मां की ओर से पंजवारा थाने में दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी प्रभारी प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को झारखंड के गोड्डा स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को पुलिस अभिरक्षा में उसे न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया गया।
पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि गुरुवार को विद्यालय की अवधि समाप्त होने के बाद शाम करीब चार बजे प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उनकी नाबालिग पुत्री को रजिस्ट्रेशन के बहाने कार्यालय में बुलाया था। आरोप है कि कार्यालय में छात्रा के साथ छेड़खानी की गई। घटना के बाद छात्रा विद्यालय से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों की ओर से पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई।
.png)




