सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
कीचड़ का पानी छिटकने पर विवाद, घर में घुसकर लाठी-डंडे से मारपीट का आरोप
महिला समेत तीन घायल, आधा दर्जन लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत; आरोपितों ने बताया साजिश
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के चंद्रपुर बग्घा गांव में साइकिल से कीचड़ होकर गुजरने के दौरान गंदा पानी छिटकने को लेकर उत्पन्न विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के बाद दबंगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से मारपीट की। घटना में महिला अगनी देवी, उनका पुत्र रंजीत यादव और रंजीत यादव का पुत्र मनीष कुमार घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अगनी देवी को परिजन इलाज के लिए शंभूगंज थाना लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस पदाधिकारी ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
घटना के संबंध में अगनी देवी, पति स्वर्गीय परमानंद यादव ने इलाज के बाद शंभूगंज थाना में लिखित शिकायत दी है। आवेदन में उन्होंने गांव के ही संजय यादव, सनोज कुमार, सौरभ कुमार समेत करीब आधा दर्जन लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि मनीष कुमार साइकिल से दुकान की सामग्री लाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान घर के समीप रास्ते में कीचड़ से होकर साइकिल गुजरने पर दूषित पानी उछलकर संजय यादव के शरीर पर पड़ गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के लोग मनीष कुमार के घर पहुंच गए। वहां मनीष कुमार के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता रंजीत यादव और दादी अगनी देवी के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें अगनी देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
वहीं, आरोपित संजय यादव, सनोज कुमार और सौरभ कुमार समेत अन्य लोगों ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। आरोपितों का कहना है कि उन्हें फंसाने की साजिश के तहत झूठा आरोप लगाया गया है।
इधर, शंभूगंज थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि घटना को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
.png)






