सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
बौंसी के कुरावा में विधवा और युवक को पोल से बांधकर पीटा, 10 लोगों पर FIR
बांका जिले के बंधुआ कुरावा थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। गांव के लोगों ने एक 24 वर्षीय विधवा महिला और उसके कथित परिचित युवक को बिजली के पोल से बांधकर बेरहमी से पीटा। महिला का आरोप है कि उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और कपड़े तक फाड़ दिए गए।
पीड़िता ने बताया कि वह अपने गांव में 8 वर्षीय पुत्र और 4 वर्षीय पुत्री के साथ अकेली रहती है। उसके पति, सास और ससुर की मौत हो चुकी है। वह बच्चों का भरण-पोषण स्वयं करती है। उसको मायका बाघापाड़ में है, मायके से भी कोई सहायता नहीं मिलती।
महिला के अनुसार, कुछ ग्रामीण गाली-गलौज कर रहे थे। उसने गाली देने से मना किया तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए। युवक को घर के बाहर बिजली के पोल से बांध दिया गया। जब महिला ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी गई और गलत नीयत से अभद्र व्यवहार किया गया।
सूचना मिलते ही बंधुआ कुरावा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को ग्रामीणों से छुड़ाया। थानाध्यक्ष रंजीत भारती ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच पड़ताल की जा रही है।
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में गांव के राजू कुमार, काजू कुमार, गोविंद कुमार, शंकर कुमार, राजाराम, रंजीत कुमार, गोविंद दास, गंगा दास, राहुल कुमार समेत 10 ग्रामीणों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाया है। ग्रामीणों की इस करतूत से इलाके में आक्रोश है। लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
.png)






