कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
त्योहारों को लेकर भागलपुर पुलिस अलर्ट, लगातार दूसरी रात सड़क पर उतरे एसएसपी
प्रमोद कुमार ने शहर में घूमकर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश
भागलपुर में आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और शहर में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार लगातार दूसरे दिन रात में शहर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण और निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान एसएसपी खुद सड़क पर उतरे और विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों और बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्ती की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए पुलिस की सक्रियता
बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच करने का निर्देश दिया। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
एसएसपी के रात में स्वयं सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने से पुलिसकर्मियों में भी सक्रियता बढ़ी। भागलपुर पुलिस की ओर से पर्व-त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
.png)



