Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : करमा धरमा पर्व की खुशियां मातम में बदलीं, पोखर में डूबे छह बच्चों की मौत

 कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार 


पर्व की खुशियां मातम में बदलीं, पोखर में डूबे छह बच्चों की मौत

सुल्तानगंज में करमा-धरमा पर्व के दिन हादसे से मचा कोहराम, मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज करमा-धरमा पर्व के मौके पर सोमवार को भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तरैटा बहियार स्थित पोखर में स्नान करने गए छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। 
सभी बच्चे नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 स्थित विष्णु टोला दुधैला के रहने वाले बताए गए हैं। मृतकों की पहचान ज्योति कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, आयुष कुमार, राहुल कुमार, पूजा कुमारी और विकास कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, करमा-धरमा पर्व को लेकर करीब एक दर्जन बच्चे सोमवार सुबह करीब पांच बजे घर से निकले थे। 

सभी तरैटा बहियार स्थित पोखर में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक के बाद एक छह बच्चे पोखर के गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे की जानकारी परिजनों को काफी देर बाद मिली।

सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से बच्चों को पोखर से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया। 

वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी छह बच्चों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ छह बच्चों की मौत की खबर फैलते ही विष्णु टोला दुधैला में चीख-पुकार मच गई। पर्व की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर सीओ रमन कुमार, थानाध्यक्ष धनंजय कुमार समेत कई अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने सभी छह शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। 

प्रशासन की ओर से मृत बच्चों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में गम और सन्नाटा पसरा हुआ है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |