प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
बालू लदे ट्रैक्टर व जुगाड़ वाहन जब्त, चालक फरार
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार की रात गंगापुर गढ़ैल गांव के समीप चलाए गए छापामारी अभियान में बालू लदा एक ट्रैक्टर तथा एक जुगाड़ वाहन जब्त किया गया। हालांकि दोनों वाहनों के चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार खान निरीक्षक प्रीति सिन्हा एवं थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में अमरपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न बालू घाटों पर अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान विभाग को गुप्त सूचना मिली कि गंगापुर गढ़ैल गांव के समीप अवैध रूप से बालू लदे वाहनों का आवागमन हो रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने गांव के समीप छापामारी की। पुलिस और खनन विभाग की टीम को देखते ही दोनों वाहनों के चालक वाहन छोड़कर अंधेरे में भाग निकले। इसके बाद टीम ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
खान निरीक्षक ने बताया कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि जब्त दोनों वाहनों के विरुद्ध खनन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही फरार चालकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।
.png)



