कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
बाढ़ के पानी में जहरीले सांप ने आंगनबाड़ी सेविका को डंसा, मौत
केंद्र से घर लौटने के दौरान हादसा, नाव से अस्पताल पहुंची लेकिन नहीं बच सकी बबीता
भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत नदी थाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित सिंहकुंड गांव में जहरीले सांप के डंसने से आंगनबाड़ी सेविका की मौत हो गई। मृतका की पहचान लोकमानपुर पंचायत के आजाद नगर टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-84 की सेविका बबीता रानी (39) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, बबीता केंद्र पर ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाढ़ के पानी में उन्होंने चूहे के पीछे सांप को दौड़ते देखा। अचानक सांप उनके पैर से टकराया और डंस लिया। परिजनों का कहना है कि सांप ने उन्हें दो बार डंसा, जिससे उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। किसी तरह घर पहुंचकर उन्होंने पति को घटना की जानकारी दी।
बाढ़ के कारण आवागमन बाधित होने से परिजन उन्हें पहले नाव से सिंहकुंड से लोकमानपुर लेकर पहुंचे। वहां से सीएनजी टेंपो से अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने में करीब 35 से 40 मिनट लग गए। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के आग्रह पर चिकित्सकों ने दोबारा जांच की, लेकिन उन्हें मृत घोषित किया गया। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना से क्षेत्र में शोक है। बाढ़ में सांपों के बढ़ते खतरे से ग्रामीणों में चिंता भी बढ़ गई है।
.png)


