Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : सदर अस्पताल में दो जच्चा और दो बच्चा की मौत के बाद हड़कंप, सिविल सर्जन ने दिए जांच के आदेश

 सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार

सदर अस्पताल में दो जच्चा और दो नवजात की मौत से हड़कंप

प्रसव के दौरान दोनों महिलाओं और उनके नवजातों की मौत, सिविल सर्जन ने गठित की जांच टीम

बांका सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान दो महिलाओं और उनके नवजात बच्चों की मौत का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। लगातार हुई इन घटनाओं से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह ने जांच टीम गठित कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मनियारपुर गांव निवासी सालीग्राम दास की पत्नी संजनी कुमारी को सुरक्षित प्रसव के लिए बांका सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उसका सिजेरियन ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद नवजात की मौत हो गई। इसके बाद संजनी कुमारी की तबीयत भी बिगड़ने लगी। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, भागलपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही संजनी कुमारी ने दम तोड़ दिया।

वहीं, दूसरी घटना खिलार गांव की बतायी जा रही है। यहां की सरिता कुमारी को भी सुरक्षित प्रसव के लिए बांका सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान पहले नवजात की मौत हो गई और बाद में महिला ने भी दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

सदर अस्पताल में दो जच्चा और दो नवजात की मौत की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह ने जांच टीम गठित करते हुए पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और इलाज में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसका पता चल सकेगा।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |