यात्री बस की टक्कर से बाइक चालक गंभीर, बांका रेफर
भरको पेट्रोल पंप के समीप हादसा, पुलिस ने बस को किया जब्त
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड क्षेत्र के इंग्लिशमोड़-शंभुगंज मुख्य मार्ग पर भरको पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार की शाम तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आने से बाइक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना अस्पताल को दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से जख्मी युवक को रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
जख्मी की पहचान फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के पथांय गांव निवासी मनोज यादव के 19 वर्षीय पुत्र सोहित यादव के रूप में हुई है। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अमित कुमार शर्मा ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सक ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताई है। अस्पताल में मौजूद जख्मी के मौसेरे भाई पथांय गांव निवासी राजेश यादव ने बताया कि सोहित गुरुवार को भरको बाजार में खरीदारी करने आया था। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पेट्रोल पंप के समीप यात्री बस ने एक बाइक चालक को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे, जहां घायल युवक की पहचान अपने मौसेरे भाई सोहित के रूप में की।घटना की सूचना मिलने पर दारोगा पंकज मांझी और निती कुमारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने जख्मी के परिजनों का बयान दर्ज किया। इसके बाद दुर्घटना में शामिल यात्री बस को भरको गांव से जब्त कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
.png)
