Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : बस की टक्कर में घायल बाइक चालक की इलाज के दौरान मौत, आक्रोशित परिजनों ने सड़क किया जाम

 प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार

बस की टक्कर में घायल बाइक चालक की इलाज के दौरान मौत, आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम की

भरको के पास हादसे के बाद बांका सदर अस्पताल में तोड़ा दम, मुआवजे की मांग पर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन

बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के इंग्लिशमोड़-शंभूगंज मुख्य मार्ग पर भरको पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार की शाम यात्री बस की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल बाइक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के पथांय गांव निवासी मनोज यादव के 19 वर्षीय पुत्र सोहित यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

शव गांव पहुंचने के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने भरको हाईस्कूल के समीप मुख्य सड़क पर शव रखकर इंग्लिशमोड़-शंभूगंज मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर छोटी-बड़ी वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना पर भरको पंचायत के मुखिया दिवाकर झा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। बाद में अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार और सीओ आकाशदीप सिन्हा पुलिस बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने यात्री बस मालिक से मृतक के दाह-संस्कार के लिए परिजनों को दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई। साथ ही हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सुचारू हुआ।

बताया गया कि गुरुवार शाम खेसर से इंग्लिशमोड़ की ओर तेज गति से आ रही यात्री बस ने भरको पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार सोहित को जोरदार टक्कर मार दी थी। 

स्थानीय लोगों ने उसे रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर अमित कुमार शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |