प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका ,बिहार
बायोमेट्रिक हाजिरी के नए नियम से भड़का एएनएम का आक्रोश
स्वास्थ्य केंद्रों पर ही हाजिरी दर्ज कराने की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
बांका जिले के अमरपुर में बायोमेट्रिक हाजिरी दर्ज कराने की नई व्यवस्था को लेकर शनिवार को अमरपुर रेफरल अस्पताल की एएनएम एवं महिला स्वास्थ्य कर्मियों का आक्रोश फूट पड़ा। दो दर्जन से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर विभागीय व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मियों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्यस्थल पर ही हाजिरी दर्ज कराने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहीं एएनएम ममता कुमारी, नूतन कुमारी, रेणु कुमारी, सुनीता कुमारी, स्वीटी कुमारी, आशा कुमारी, रूपम कुमारी, अर्चना कुमारी, पूनम कुमारी समेत अन्य कर्मियों ने बताया कि उनकी प्रतिनियुक्ति प्रखंड के विभिन्न स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर है। नई व्यवस्था के तहत उन्हें ड्यूटी पर जाने से पहले रेफरल अस्पताल पहुंचकर बायोमेट्रिक हाजिरी बनानी पड़ रही है। ड्यूटी समाप्त होने के बाद दोबारा अस्पताल पहुंचकर हाजिरी दर्ज करानी पड़ती है।
कर्मियों के अनुसार कई स्वास्थ्य केंद्र रेफरल अस्पताल से 10 से 20 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी पर स्थित हैं। ऐसे में सुबह-शाम अस्पताल आने-जाने से समय और आवागमन का खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। पूर्व में मोबाइल एप के माध्यम से कार्यस्थल से ही उपस्थिति दर्ज करने की सुविधा थी।
एएनएम ने मांग की कि जिस स्वास्थ्य केंद्र पर उनकी ड्यूटी निर्धारित है, वहीं बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था की जाए। समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर कर्मियों ने आंदोलन तेज करने और हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी।
.png)






