Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

सड़क पर टोटो चालक को लाठी डंडे से मारपीट कर किया जख्मी, केस दर्ज

सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार

गोपालपुर के पास टोटो चालक को रोककर लाठी-डंडे से पीटा, गंभीर रूप से जख्मी

सुल्तानगंज जा रहे चालक को दो युवकों ने रास्ते में रोका; पीड़ित ने रोहित यादव समेत दो लोगों के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी

शंभूगंज। बांका जिले के शंभूगंज-इंग्लिशमोड़ मुख्य मार्ग पर गोपालपुर गांव के समीप शनिवार को दो युवकों ने एक टोटो चालक को रोककर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद चालक खून से लथपथ हालत में किसी तरह शंभूगंज थाना पहुंचा। पुलिस पदाधिकारी ने तत्काल उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभूगंज भेजा, जहां उसका उपचार कराया गया।

जख्मी टोटो चालक की पहचान फुल्लीडूमर थाना क्षेत्र के ललवामोड़ गांव निवासी अजय ठाकुर, पिता सुबोध ठाकुर के रूप में हुई है। अजय ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह अपना टोटो लेकर यात्रियों को बैठाकर सुल्तानगंज जा रहा था। इसी दौरान गोपालपुर गांव के समीप दो साइकिल सवार युवकों ने टोटो को रुकवा लिया। आरोप है कि दोनों ने चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे।

मारपीट में अजय ठाकुर के शरीर पर कई जगह चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से चले गए, जिसके बाद जख्मी चालक जान बचाकर शंभूगंज थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने इस मामले में गौराय गांव निवासी रोहित यादव समेत दो लोगों के विरुद्ध शंभूगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

वहीं, आरोपियों ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शंभूगंज थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |