कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
बैंक जाने के दौरान हुआ हादसा, युवती और बाइक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल किया गया रेफर
भागलपुर जिले के पीरपैंती बाजार से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में युवती समेत बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दुलदुलिया गांव निवासी जीछु मंडल की पुत्री प्रीति कुमारी और खवासपुर निवासी बाइक चालक नीतीश कुमार घायल हुए हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रीति कुमारी बैंक जाने के लिए सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक की चपेट में आ गईं। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके दायें पैर में गंभीर चोट लगी है और पैर में फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है।
वहीं बाइक चालक नीतीश कुमार ने बताया कि अचानक युवती बाइक के सामने आ गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दुर्घटना हो गई। हादसे में नीतीश के बायें पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
.png)




