कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
घर-दुकान पर छापेमारी में 9.3 किलो गांजा व 81,400 रुपए बरामद, महिला गिरफ्तार
नाथनगर के भुआलपुर में पुलिस की कार्रवाई; पति समेत दो आरोपी फरार, सप्लायर और खरीदारों की तलाश तेज
भागलपुर जिले के नाथनगर थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भुआलपुर में एक घर और दुकान पर छापेमारी कर 9.3 किलो गांजा और 81,400 रुपए नकद बरामद किए। पुलिस ने मौके से इंदु देवी, पति फंटूस मंडल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस की घेराबंदी के बावजूद उसका पति फंटूस मंडल उर्फ धर्मेंद्र मंडल और साधु मंडल उर्फ निपेंद्र मंडल फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि भुआलपुर में घर और दुकान से गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष परमेश्वर साहनी के नेतृत्व में विशेष टीम ने आरोपितों के घर और दुकान पर एक साथ दबिश दी। पुलिस टीम के पहुंचते ही दोनों आरोपी आहट पाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने घर और दुकान की तलाशी ली, जहां से गांजा और बिक्री से जुटाई गई नकदी बरामद हुई।
छापेमारी टीम में पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, पवन कुमार, पीएसआई मो. मुख्तार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बरामद गांजा और नकदी जब्त कर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गिरफ्तार इंदु देवी से पूछताछ कर पुलिस तस्करी से जुड़े सप्लायर और खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही गांजा कहां से लाया जाता था और किन इलाकों में इसकी आपूर्ति की जाती थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
.png)




