सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
पीएम मोदी के जन्मदिन पर तिलडीहा दुर्गा मंदिर में दीपोत्सव, महिलाओं ने की दीर्घायु की कामना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हरवंशपुर तिलडीहा दुर्गा मंदिर परिसर में न्यास समिति के तत्वावधान में दीपोत्सव एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं और महिलाओं ने भाग लिया। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया।
शाम होते ही मंदिर परिसर सैकड़ों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीपोत्सव के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। न्यास समिति के सदस्यों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। इसी खुशी और उत्साह के साथ जन्मदिन के अवसर पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं द्वारा भजन-स्तुति का आयोजन विशेष आकर्षण रहा। मंदिर परिसर में जुटी दर्जनों महिलाओं ने पारंपरिक भजनों और धार्मिक गीतों के माध्यम से माता दुर्गा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, यश एवं दीर्घायु की कामना की। महिलाओं ने देश में सुख-समृद्धि और शांति की भी प्रार्थना की।
इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति एवं धार्मिक जयकारों से गूंजता रहा। न्यास समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले ग्रामीणों और विशेष रूप से महिलाओं के प्रति आभार जताया। आयोजन में न्यास समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मनोज सिंह, दिलीप दास, शशांक घोष, नीरज दास, मदन घोष, सनत घोष, विजय दास, दुर्गा घोष, पारितोष, प्रिंश और विश्वजीत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
.png)


