सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
जर्जर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो मवेशियों की मौत
महिसौथा बहियार में हादसे के बाद ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के महिसौथा बहियार में रविवार को जर्जर हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक किसान के दो मवेशियों की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि बहियार में लंबे समय से हाईटेंशन तार जर्जर और काफी नीचे लटका हुआ था, लेकिन शिकायत के बावजूद समय रहते इसे दुरुस्त नहीं कराया गया।
पीड़ित किसान महिसौथा गांव निवासी उदय सिंह ने बताया कि खेती-किसानी और पशुपालन ही उनके परिवार की जीविका का मुख्य साधन है। वह रविवार को रोज की तरह अपने दोनों मवेशियों को चारा खिलाने के लिए बहियार लेकर गए थे। मवेशियों को चरने के लिए छोड़ने के बाद वह सड़क किनारे एक पेड़ की छांव में बैठ गए। इसी दौरान बहियार में लटक रहा हाईटेंशन बिजली तार अचानक टूटकर एक मवेशी के शरीर पर जा गिरा।
बताया गया कि इसी दौरान एक मवेशी बिजली पोल के समीप शरीर रगड़ रही थी। टूटे तार के संपर्क में आते ही दोनों मवेशियों के शरीर में करंट प्रवाहित हो गया। करंट लगने से दोनों मवेशियां चिग्घाड़ते हुए जमीन पर गिर पड़ीं। मवेशियों की आवाज सुनकर उदय सिंह दौड़कर मौके पर पहुंचे और शोर मचाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए।
ग्रामीणों ने तत्काल बिजली लाइन कटवाने के बाद घटना की सूचना विद्युत विभाग को दी। सूचना मिलने पर विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे। हालांकि, घटना से नाराज ग्रामीणों ने पहले विभाग के मिस्त्री को मौके से खदेड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि जर्जर तार से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बावजूद विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
पीड़ित किसान ने बताया कि दोनों मवेशियों की कीमत करीब एक लाख रुपये थी। उन्होंने कहा कि मवेशियों की मौत से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना को लेकर पीड़ित ने बिजली विभाग की कथित लापरवाही के खिलाफ शंभूगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने विभाग से जर्जर तारों को तत्काल बदलने और पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
शंभूगंज थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.png)






