सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
मिर्जापुर बाजार में चाय-पान दुकान से 143 ग्राम गांजा बरामद, दुकानदार गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजा जेल
शंभूगंज थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ शंभूगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मिर्जापुर बाजार स्थित एक चाय-पान की दुकान से 143 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दुकानदार की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी पीएम शाह, पिता स्वर्गीय पुढारी शाह के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि पुलिस को पिछले कई दिनों से मिर्जापुर बाजार में चाय-पान की दुकान की आड़ में गांजा बेचने की शिकायत मिल रही थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारियों ने मामले का सत्यापन शुरू किया। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दुकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान से 143 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने दुकानदार पीएम शाह को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। इसके अलावा शराब की बिक्री और तस्करी करने वालों के खिलाफ भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं पकड़े गए दुकानदार ने बताया कि उनके दुकान में फंसाने की नीयत से किसी असामाजिक तत्वों के द्वारा गांजा रख दिया गया था। जिसके कारण अब उन्हें पुलिस ने पकड़ा है। वो निर्दोष है। न्यायालय पर उन्हें पूरा विश्वास है, इस मामले में वह बरी हो जाएंगे।
पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त करते हुए गिरफ्तार दुकानदार के खिलाफ विधि-सम्मत प्राथमिकी दर्ज की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
.png)




