सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
फुल्लीडुमर थाने का एसपी ने किया वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण पर जोर
वाहन जांच व गश्ती बढ़ाने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
बांका पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को फुल्लीडुमर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस मौके पर थाना अध्यक्ष गुलशन कुमार सहित सभी पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल के जवानों उपस्थित पाए गए। जहां थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, सीसीटीएनएस कार्य और लंबित कांडों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही वारंट एवं कुर्की निष्पादन तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की भी जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानाध्यक्ष को थाना क्षेत्र में नियमित वाहन जांच और सघन गश्ती चलाने का निर्देश दिया। अपराधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाकर फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा शराब, हथियार और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने और उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। प्रत्येक कांड की नियमित समीक्षा करने तथा अनुसंधान में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने की हिदायत दी गई।
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने और प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करने का निर्देश दिया। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए संवेदनशील और जवाबदेह होकर कार्य करने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ बांका, पुलिस निरीक्षक बांका एवं फुल्लीडुमर थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
.png)



