कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
घर में छिपाकर रखी थी 245.985 लीटर विदेशी शराब, आरोपी गिरफ्तार
भागलपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तिलकामांझी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 245.985 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब बरामदगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू कुमार उर्फ संजू कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ‘स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत जिले में शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तिलकामांझी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सोनू कुमार उर्फ संजू कुमार को हिरासत में लिया। इसके बाद उसके घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकिंग में कुल 245.985 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा बरामद शराब को जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई में तिलकामांझी थाना पुलिस के साथ डीआईयू, भागलपुर की टीम भी शामिल रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
़पुलिस अब शराब की इतनी बड़ी खेप आरोपी तक पहुंचाने वाले लोगों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही शराब तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
.png)




