कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
दिलगौरी मोड़ से 18 वर्षीय युवक लापता, परिजन परेशान
26 सितंबर की शाम मिठाई दुकान के पास से हुआ गायब, जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपए इनाम की घोषणा
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के नगर परिषद सुल्तानगंज स्थित वार्ड सात, मिर्जापुर गांव से 18 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के अचानक गायब होने के बाद परिजन परेशान हैं और उसकी तलाश में जुटे हैं। मामले को लेकर परिजन ने सुल्तानगंज थाना में लिखित आवेदन देकर युवक की बरामदगी की गुहार लगाई है।
आवेदन के अनुसार मिर्जापुर निवासी रौशन खातून का बड़ा भाई इरफान उर्फ इदवा (18) 26 सितंबर 2026 को शाम करीब चार बजे दिलगौरी मोड़ स्थित मिठाई की दुकान के पास से अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
परिजनों के अनुसार लापता युवक के पिता का नाम मो. इस्लाम उर्फ स्व. टनूट है और वह नगर परिषद सुल्तानगंज के वार्ड सात, मिर्जापुर का रहने वाला है। युवक के लापता होने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अपने स्तर से भी रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश कर रहे हैं।
इधर, पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक के लापता होने के कारणों और उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। परिजनों ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इरफान उर्फ इदवा के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल दिए गए मोबाइल नंबरों पर सूचना दें। जानकारी देने वाले व्यक्ति को परिजनों की ओर से 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है। सूचना के लिए मोबाइल नंबर 9229596950 और 9942827183 जारी किए गए हैं।
.png)



