कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
प्रधानाध्यापक का प्रभार लेने से पहले शिक्षक की रहस्यमय मौत, गले पर निशान से उठे सवाल
तबीयत बिगड़ने पर मायागंज अस्पताल लाया गया, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया; पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
भागलपुर के सजौर थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर में एक शिक्षक की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। प्राथमिक विद्यालय मुंजत में पदस्थापित करीब 50 वर्षीय शिक्षक ललित रजक की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें जेएलएनएमसीएच मायागंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिक्षक के शव पर गले में स्याह निशान मिलने की बात सामने आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ललित रजक ने विभागीय परीक्षा पास कर ली थी और मंगलवार को उन्हें विद्यालय के प्रधानाध्यापक का प्रभार मिलने वाला था। प्रभार संभालने से ठीक पहले हुई मौत को लेकर परिजन और स्थानीय लोग भी कई तरह के सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों के अनुसार ललित रजक पिछले एक-दो महीने से काफी गुमसुम रहते थे और ज्यादा बातचीत नहीं करते थे। पहले वे मध्य विद्यालय दराहडीह में पदस्थापित थे। बाद में उनका स्थानांतरण प्राथमिक विद्यालय मुंजत में हुआ था। वे रोजाना करीब आधा किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय जाते थे।
मृतक की पत्नी उषा देवी सेविका हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को पति की विभागीय बैठक थी। घर लौटने के करीब दस मिनट बाद वह भी घर पहुंचीं। खाना नहीं बना था, इसलिए दोनों ने दिन का बना खाना खाया। इसके बाद ललित सोने चले गए। घटना के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, मायागंज अस्पताल में बरारी थाना पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया करा रही है। घटना की सूचना सजौर थाना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। ललित रजक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं।
.png)






