प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका ,बांका
नाला निकासी नहीं होने से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, ग्रामीणों का फूटा आक्रोश
बेला गांव में प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ की नारेबाजी, ग्रामीणों ने जल्द निकासी की व्यवस्था नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
अमरपुर प्रखंड के शोभानपुर पंचायत अंतर्गत बेला गांव में नाला निकासी की समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि नाला निर्माण के बाद भी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा व बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में हजारों की आबादी रहती है। लोगों की सुविधा के लिए पीसीसी सड़क के साथ नाला बनाया गया, लेकिन निकासी नहीं रहने से नाले का पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे उठने वाली दुर्गंध के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और मलेरिया, डेंगू सहित अन्य बीमारियों की आशंका जताई। पानी के बीच से आवाजाही करने के दौरान कई बार ग्रामीणों के गिरकर चोटिल होने की बात भी कही गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाला निकासी की व्यवस्था के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
इधर, पंचायत की मुखिया मुन्नी देवी ने बताया कि बेला गांव में कुछ लोगों की निजी रैयती जमीन होने के कारण नाले की निकासी बाधित है। ग्रामीणों के साथ कई बार बैठक कर रैयती जमीन से थोड़ी-थोड़ी जगह देने की अपील की गई, लेकिन जमीन देने पर सहमति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि जमीन उपलब्ध होते ही नाले की निकासी की व्यवस्था कर दी जाएगी।
.png)




