प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, किशोर समेत तीन घायल
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के गोरगम्मा पंचायत अंतर्गत कजरा मोड़ के समीप गुरुवार की दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतक की पहचान मैनमा ओपी थाना क्षेत्र के झाझा गांव निवासी रविंद्र यादव के 21 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही दिवा गश्ती में तैनात मैनमा ओपी के पीटीसी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार ने गुलशन कुमार की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रविंद्र यादव, नयाचक गोरगम्मा निवासी बाइक चालक सोम कुमार तथा मंटू दास के 16 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार का प्राथमिक उपचार किया गया। सोम कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाजरत रविंद्र यादव ने बताया कि वह अपने पुत्र गुलशन के साथ बाइक से पर्व को लेकर खरीदारी करने अमरपुर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान कजरा मोड़ के पास सामने से तेज गति से आ रहे बाइक चालक ने अनियंत्रित होकर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
गुलशन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां शिरोमणि देवी समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचकर दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों का करुण क्रंदन देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों के अनुसार गुलशन चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था।
मैनमा ओपी पुलिस ने शव का पंचनामा र पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। थानाध्यक्ष अयांश रंजन ने बताया कि दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत हुई है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद झाझा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
.png)


