कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
जहान्वी चौक पर बुलेट और केटीएम की आमने-सामने टक्कर, तीन घायल
जोरदार भिड़ंत के बाद सड़क पर मची अफरा-तफरी, 112 की टीम ने घायलों को मायागंज अस्पताल पहुंचाया
भागलपुर-नवगछिया मार्ग स्थित जहान्वी चौक पर बुधवार को बुलेट और केटीएम बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चौक पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का इलाज चल रहा है।
घायलों में संजय कुमार साह, पिता बलदेव शाह, निवासी लत्तीपुर, वार्ड संख्या 11 और संतोष कुमार, पिता बसुकी मंडल, निवासी परबत्ता शामिल हैं। वहीं, तीसरे घायल की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जहान्वी चौक के समीप दोनों बाइक आमने-सामने आ गईं। इसके बाद दोनों के बीच तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने चौक पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और तेज रफ्तार बाइक चालकों पर नियंत्रण की मांग की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
.png)



