कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर , बिहार
विशु बाबा स्थान के पास बाइक-टोटो की टक्कर, गश्ती टीम ने 10 मिनट में अस्पताल पहुंचाकर बचाई युवक की जान
हादसे में नारायणपुर निवासी युवक घायल, पुलिस टीम की तत्परता से समय पर मिला इलाज
भागलपुर-नवगछिया क्षेत्र के गोपालपुर थाना अंतर्गत विशु बाबा स्थान के पास बाइक और टोटो की आमने-सामने टक्कर में एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची गोपालपुर थाना की गश्ती टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को महज 10 मिनट के अंदर अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से युवक की जान बच गई।
घायल युवक की पहचान नारायणपुर निवासी नीतीश कुमार, पिता फुदो मंडल के रूप में हुई है। बताया गया कि नीतीश कुमार बाइक से अकेले नवगछिया से नारायणपुर स्थित चंडी स्थान जा रहे थे। इसी दौरान विशु बाबा स्थान के पास उनकी बाइक की टोटो से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद नीतीश सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
टोटो चालक की पहचान दिलखुश कुमार, पिता अवधेश यादव, निवासी जरलाही, कुर्सेला, कटिहार के रूप में हुई है। बताया गया कि दिलखुश वर्तमान में अपने ननिहाल लक्ष्मीपुर में रह रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। टीम में मो. वारिश खान, चालक रविंद्र कुमार, बीएचजी अभिनंदन कुमार, पुंकेश कुमार और चौकीदार आलोक कुमार शामिल थे। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए घायल नीतीश को अस्पताल पहुंचाया। महज 10 मिनट के भीतर अस्पताल पहुंचने से उसे समय पर इलाज मिल सका। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की।
.png)



