कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
रसगुल्ला गले में फंसने से युवक की हालत बिगड़ी, मायागंज में इलाज जारी
सांस लेने और निगलने में हुई परेशानी, प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मायागंज अस्पताल किया रेफर
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव में शुक्रवार को रसगुल्ला खाते समय गले में मिठाई का टुकड़ा फंस जाने से एक युवक की हालत बिगड़ गई। घटना में कासिमपुर निवासी कन्हैया तांती (35) को सांस लेने और निगलने में गंभीर परेशानी होने लगी। अचानक तबीयत बिगड़ने से परिजनों में अफरातफरी मच गई।
परिजन आनन-फानन में युवक को लेकर सुल्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। काफी प्रयास के बावजूद युवक की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। सांस लेने में परेशानी और बिगड़ती हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन युवक को लेकर मायागंज अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। बताया गया कि मिठाई का टुकड़ा गले में फंसने के कारण युवक को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। घटना के बाद परिवार के लोग काफी चिंतित हैं। चिकित्सकों की टीम युवक की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। घटना के बाद ग्रामीणों ने भी लोगों से खाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
.png)



