सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
मोबाइल हैक कर साइबर अपराधियों ने मांगे रुपये, युवक ने गंवाए दो हजार
अस्पताल में भर्ती होने का झांसा देकर दोस्त से कराई ऑनलाइन ठगी, थाने पहुंचकर पीड़ित ने दी जानकारी
शंभूगंज थाना क्षेत्र के चंद्रपुर बग्घा गांव में साइबर अपराधियों ने एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके परिचितों से रुपये की मांग कर दी। साइबर ठगों ने युवक के मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए उसके दोस्त को अस्पताल में भर्ती होने की बात बताकर तत्काल दो हजार रुपये भेजने की अपील की। दोस्त ने बिना किसी तरह की जांच-पड़ताल किए रुपये भेज दिए। बाद में जब सच्चाई सामने आई तो मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, चंद्रपुर बग्घा गांव निवासी राज कुमार, पिता दिलीप यादव, का मोबाइल साइबर अपराधियों ने कथित रूप से हैक कर लिया। इसके बाद अपराधियों ने उसके मोबाइल में मौजूद संपर्कों में से गांव के ही पांडू कुमार, पिता चंदेश्वर यादव, को फोन किया। फोन करने वाले ने खुद को राज कुमार बताते हुए अस्पताल में भर्ती होने की बात कही और इलाज के लिए तत्काल दो हजार रुपये की जरूरत बताई।
अचानक अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर पांडू कुमार घबरा गए। उन्होंने बिना राज कुमार से सीधे संपर्क कर मामले की पुष्टि किए ही गूगल पे या फोनपे के माध्यम से बताए गए खाते में दो हजार रुपये भेज दिए। रुपये भेजने के कुछ देर बाद पांडू कुमार की मुलाकात राज कुमार से हो गई। उन्होंने बातचीत के दौरान पूछा कि तुम तो अस्पताल में भर्ती थे और दो हजार रुपये की मांग भी की थी।
पांडू की बात सुनकर राज कुमार भी हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि उन्होंने किसी से रुपये नहीं मांगे हैं। इसके बाद दोनों को मोबाइल हैक किए जाने और साइबर अपराधियों द्वारा उसके संपर्कों से रुपये मांगने का पता चला।
घटना के बाद राज कुमार अपने दोस्त पांडू कुमार के साथ शंभूगंज थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस पदाधिकारी ने प्रथम दृष्टया मोबाइल हैक कर साइबर ठगी किए जाने की बात बताते हुए दोनों को साइबर थाना बांका में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी परिचित के नाम से ऑनलाइन रुपये की मांग होने पर पहले फोन कर उसकी पुष्टि करें और बिना जांच के पैसे ट्रांसफर न करें।
.png)





