Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

सावन पूर्णिमा पर आस्था का सैलाब, बांका के प्रसिद्ध मंदिर में डेढ़ लाख शिव भक्तों ने किया जलाभिषेक

 प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार

सावन पूर्णिमा पर आस्था का महासैलाब, डेढ़ लाख डाक बमों ने किया जलाभिषेक

बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा अमरपुर, जगह-जगह लगे सेवा शिविर

सावन पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को अमरपुर के प्रसिद्ध बाबा ज्यैष्ठगौरनाथ महादेव मंदिर में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। अजगैबीनाथ धाम के उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर करीब डेढ़ लाख डाक बम पैदल यात्रा करते हुए बाबा के दरबार पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा अमरपुर भक्तिमय हो गया।

गुरुवार देर रात से ही डाक बमों के जत्थे अजगैबीनाथ धाम से अमरपुर के लिए रवाना होने लगे थे। बाबा धन्नु-मन्नु धाम, शाहकुंड और डुमरिया होते हुए कांवरियों का जत्था शुक्रवार सुबह तक लगातार अमरपुर पहुंचता रहा। महिला और पुरुष श्रद्धालु भी बोल बम का जयकारा लगाते हुए बाबा के दरबार पहुंचे।

डाक बमों की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की ओर से शिविर लगाए गए। अमरपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को पेयजल सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। पेट्रोल पंप के समीप मुख्य पार्षद रीता साहा के नेतृत्व में शरबत, केला, अमरूद और पानी वितरित किया गया। सार्वजनिक पुस्तकालय के समीप रविंद्र क्लब ने भी सेवा शिविर लगाया।

मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और मंदिर समिति के सदस्य मुस्तैद रहे। बीडीओ प्रभात रंजन, सीओ आकाशदीप सिन्हा और थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ व्यवस्था संभालते रहे। मंदिर समिति के अध्यक्ष दुर्गा सिंह सहित अन्य सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा में जुटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |