प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
डीजे वाहन से गिरकर 12 वर्षीय बालक जख्मी
अमरपुर-बांका मुख्य मार्ग पर खेमीचक गांव के समीप हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद हालत खतरे से बाहर
बांका जिले के अमरपुर-बांका मुख्य पथ पर खेमीचक गांव के समीप शनिवार को डीजे वाहन से गिरकर 12 वर्षीय बालक जख्मी हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल बालक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया। जख्मी बालक की पहचान बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के वारसाबाद पंचायत अंतर्गत गरगनिया गांव निवासी संजय साह के 12 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने बालक का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद चिकित्सक ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई। अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि आयुष अजगैबीनाथ धाम से डीजे वाहन पर सवार होकर अमरपुर प्रखंड के प्रसिद्ध बाबा ज्येष्ठगौरनाथ महादेव मंदिर जा रहा था।
इसी दौरान खेमीचक गांव के समीप अचानक वह डीजे वाहन से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके शरीर के कई हिस्सों में चोट आई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। बालक के घायल होने की सूचना से परिजनों में चिंता का माहौल बन गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य बताई।
.png)


