कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
सुल्तानगंज में उफनाई गंगा, खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। गंगा का पानी खतरे के निशान से करीब चार सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण नई सीढ़ी घाट तक पानी पहुंच गया है। इसके बावजूद बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई है।
प्रशासन और एसडीआरएफ की निगरानी के बीच श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर गंगा स्नान कर रहे हैं और कांवर में पवित्र गंगाजल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हो रहे हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग पूरी तरह अलर्ट है। अधिकारियों द्वारा गंगा के जलस्तर और घाटों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर नई सीढ़ी घाट पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। घाट पर बांस की बैरिकेडिंग के साथ सुरक्षा जाल लगाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा नौकाओं के अलावा एसडीआरएफ की टीम को भी तैनात किया गया है।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे केवल निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। साथ ही बैरिकेडिंग के आगे नहीं जाने और सुरक्षा व्यवस्था का पूरी तरह पालन करने को कहा गया है। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
.png)

