कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर बिहार
साइबर ठगी से बचाव को छात्रों को किया जागरूक, एसएसपी ने बताए सुरक्षा के उपाय
भागलपुर के जिला स्कूल में मंगलवार को साइबर अपराध की रोकथाम और विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर स्मार्ट ट्यूसडे कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, सिटी एसपी अतुलेश झा सहित साइबर थाना की टीम मौजूद रही। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता सबसे जरूरी है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, मैसेज और लिंक के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। इसलिए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान एप डाउनलोड करने से बचना चाहिए।
एसएसपी ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल में भी सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निजी जानकारी, फोटो और अन्य संवेदनशील विवरण अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करें।
किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साइबर थाना की टीम ने भी विद्यार्थियों को साइबर अपराध के नए तरीकों की जानकारी देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।
.png)

