कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर बिहार
तेज रफ्तार मैजिक वैन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, दो दिन बाद इलाज के दौरान तोड़ा दम
भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र के पैन गांव में तेज रफ्तार मैजिक वैन की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग नरेश शाह की मौत हो गई। हादसा 16 अगस्त की रात करीब आठ से नौ बजे के बीच उनके घर के पास हुआ था। गंभीर रूप से घायल नरेश शाह ने दो दिन बाद इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतक के नाती प्रशांत कुमार ने बताया कि 16 अगस्त की रात खाना खाने के बाद उनके नाना सड़क पार करने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सुल्तानगंज की ओर से भागलपुर जा रही तेज रफ्तार मैजिक वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने नरेश शाह के सिर में गंभीर चोट और ब्लड क्लॉटिंग की जानकारी दी थी। मायागंज अस्पताल में करीब दो दिनों तक इलाज चलने के बाद उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिवार ने अकबरनगर थाना में लिखित सूचना दी है। परिजनों के अनुसार, थानाध्यक्ष ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ मैजिक वैन और उसके चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
.png)


