कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
36 घंटे में आभूषण चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हटिया रोड स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए चांदी के आभूषणों के साथ एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को सुरेंद्र कुमार पेटे की ज्वेलरी दुकान में चोरी हुई थी। मामले में तिलकामांझी थाना में कांड संख्या 194/26 दर्ज किया गया।
घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान की।
इसके बाद ईशाकचक थाना क्षेत्र से मो. अफसर उर्फ प्याऊ को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले।
पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मो. सलमान को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के कई चांदी के आभूषण बरामद किए। इनमें पायल, ब्रासलेट, सिकड़ी, गला हार, लॉकेट, बिछिया, अंगूठी, नथिया, मूर्तियां, हेयरपिन और बाजूबंद समेत अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
.png)

