Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

कभी नीतीश कुमार के चेहते रहे पूर्व विधायक गोपाल मंडल अब बदलेंगे पार्टी, हलचल तेज

 सूरजकांत ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार 

कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं गोपाल मंडल, भागलपुर-नवगछिया की सियासत में हलचल के आसार

जदयू से टिकट कटने के बाद निर्दलीय लड़ा था चुनाव, अब कांग्रेस में नई राजनीतिक पारी की तैयारी

बिहार की सियासत में अपने बयानों और बेबाक अंदाज को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले पूर्व जदयू विधायक गोपाल मंडल के आज कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा तेज है। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रह चुके गोपाल मंडल के कांग्रेस में जाने की खबर से भागलपुर और नवगछिया क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

गोपाल मंडल लंबे समय तक जदयू से जुड़े रहे और गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में जदयू ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। इसके बाद उन्होंने पार्टी से अलग होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया। हालांकि चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

चुनावी हार के बाद अब गोपाल मंडल के कांग्रेस का दामन थामने की चर्चा ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। माना जा रहा है कि कांग्रेस में शामिल होकर वह अपनी राजनीतिक पारी को नए सिरे से आगे बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं। उनके कांग्रेस में आने से भागलपुर और नवगछिया क्षेत्र में पार्टी को भी एक चर्चित स्थानीय राजनीतिक चेहरा मिल सकता है।

गोपाल मंडल अपने बयानों और अलग अंदाज के कारण प्रदेश की राजनीति में लगातार चर्चा में रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय तक सक्रिय रहने के कारण उनकी क्षेत्रीय पकड़ और समर्थकों का आधार भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में उनके कांग्रेस में शामिल होने की स्थिति में आगामी दिनों में क्षेत्र की सियासत में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |