प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
वृद्ध की मौत के बाद अमरपुर रेफरल अस्पताल में हंगामा, इलाज में लापरवाही का आरोप
बांका जिले के अमरपुर रेफरल अस्पताल में शुक्रवार दोपहर 70 वर्षीय वृद्ध की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे के कारण अस्पताल परिसर में घंटों अफरातफरी की स्थिति बनी रही। मृतक की पहचान बाछनी गांव निवासी सुधीर मंडल के रूप में हुई है।
परिजनों का आरोप है कि वृद्ध की तबीयत खराब होने पर उन्हें रेफरल अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने तत्काल मरीज को देखने में गंभीरता नहीं दिखाई। मरीज को ऑक्सीजन की आवश्यकता थी। आरोप है कि चिकित्सक के बजाय अस्पताल में मौजूद एक गार्ड ने ऑक्सीजन लगाने का प्रयास किया, लेकिन मशीन से ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं हो सकी। इसके बाद परिजनों ने खुद दूसरी व्यवस्था कर ऑक्सीजन लगाया।
इसी दौरान बिजली चली गई और ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित हो गई। परिजनों का आरोप है कि काफी देर तक जनरेटर चालू नहीं होने के कारण मरीज को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिल सकी और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रभारी डॉ. दीप्ति सिन्हा मौके पर पहुंचीं और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई। दारोगा संजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया।
इधर, अस्पताल प्रभारी डॉ. दीप्ति सिन्हा ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि मरीज के अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही वह उन्हें देखने पहुंचीं, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर डॉ. राकेश कुमार भी मौजूद थे और अस्पताल की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई।
.png)




