प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
संपत्ति विवाद में छोटे दामाद का तांडव, ससुर-साढ़ु व पत्नी को पीटकर किया जख्मी
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा गांव में रविवार की देर रात संपत्ति विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि छोटे दामाद ने कुछ लोगों के साथ ससुराल पहुंचकर ससुर, साढ़ु और पत्नी के साथ मारपीट कर तीनों को जख्मी कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की पहचान बभनगामा निवासी विनोद दास, उनकी पुत्री सुनैना देवी और दामाद मुक्ति दास के रूप में हुई है। घायल विनोद दास ने पुलिस को बताया कि उनकी पांच पुत्रियां हैं और कोई पुत्र नहीं है। बड़ी पुत्री सुनैना देवी और दामाद मुक्ति दास उनके साथ रहकर देखभाल करते हैं। आरोप है कि छोटे दामाद चंदन दास की नजर उनकी संपत्ति पर है।
विनोद दास के अनुसार, इसी संपत्ति विवाद को लेकर पहले बड़े दामाद और पुत्री को घर में रखने का विरोध किया गया था। बात नहीं मानने पर चंदन दास कुछ लोगों के साथ देर रात उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना में तीनों घायल हो गए।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने अमरपुर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
.png)



