प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका ,बिहार
जमीन विवाद में हिंसक झड़प, दो लोग गंभीर रूप से घायल
बांका अमरपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार अमरपुर रेफरल अस्पताल में करने के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।
घायल जयराम दास ने बताया कि वह गांव के फुदो यादव के साथ धान की रोपाई के लिए अपने खेत की जुताई कराने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे। दोनों खेत की मेड़ पर खड़े थे, तभी कंपनी यादव, सुंदर यादव एवं पवन यादव अपने परिजनों के साथ वहां पहुंचे और खेत जोतने से रोकने लगे। जयराम दास के अनुसार, उन्होंने खेत अपना होने की बात कही, जिसके बाद आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोप है कि सभी ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में जयराम दास और फुदो यादव के सिर पर गंभीर चोट लगी और दोनों जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपितों ने उनकी पिटाई जारी रखी।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने परिजनों को बुलाया, जिसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल, अमरपुर लाया गया। यहां डॉ. अपूर्व अमन सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। मामले को लेकर पुलिस में शिकायत की तैयारी की जा रही है।
.png)



