प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका ,बिहार
बहियार में सांप के डंसने से पूर्व वार्ड सदस्य की मौत, गांव में शोक की लहर
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र की बिशनपुर पंचायत अंतर्गत कंझिया गांव की पूर्व वार्ड सदस्य अनीता देवी (35) की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंझिया गांव के वार्ड संख्या-11 की पूर्व वार्ड सदस्य अनीता देवी मंगलवार को खेत (बहियार) गई थीं। इसी दौरान उन्हें किसी जहरीले सांप ने डंस लिया। शुरुआत में उन्होंने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन शाम होते-होते उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। तब उन्होंने परिजनों को बताया कि बहियार में उन्हें सांप ने काट लिया था।
परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, बांका लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की घोषणा के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि मृतका के पति राकेश पंडित मुंबई में निजी कंपनी में कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गए हैं। उनके पहुंचने के बाद ही अनीता देवी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही बिशनपुर पंचायत के मुखिया आशुतोष सिंह एवं पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि महीप सिंह मृतका के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अनीता देवी सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती थीं और पूर्व वार्ड सदस्य के रूप में उन्होंने पंचायत में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके असामयिक निधन से कंझिया गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
.png)






