Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : रामसरिया मोड़ के पास बाइक सवार युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में भागलपुर रेफर

 सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर ,बांका ,बिहार

रामसरिया मोड़ के पास बाइक सवार युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में भागलपुर रेफर

बांका जिले के खेसर थाना क्षेत्र में बुधवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बाइक सवार युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना रामसरिया मोड़ स्थित भुतहा पुल के समीप हुई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जबकि सूचना मिलते ही खेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

घायल युवक की पहचान बांका थाना क्षेत्र के तेलिया मटुकचक गांव निवासी विक्रम सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विक्रम सिंह बाइक से अपने किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को इलाज के लिए फुल्लीडुमर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही खेसर थाना के पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा हमलावरों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

खेसर थाना पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटना को गंभीरता से लिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी साझा करने की अपील की है, ताकि आरोपियों तक शीघ्र पहुंचा जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |