Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : अमरपुर के ग्रामीण इलाकों में प्रशासन ने चलाया बुलडोजर, सरकारी भूमि से हटाया अतिक्रमण

 प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका ,बिहार

रामचंद्रपुर इटहरी में चला प्रशासन का बुलडोजर, सरकारी भूमि से हटाया गया अतिक्रमण

बांका अमरपुर प्रखंड की बल्लिकित्ता पंचायत अंतर्गत रामचंद्रपुर इटहरी गांव में सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए बुधवार को प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की। मजिस्ट्रेट के रूप में मनरेगा पीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में अंचलाधिकारी आकाशदीप सिन्हा, थानाध्यक्ष राकेश कुमार एवं भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन चलाकर अतिक्रमित भूमि को खाली कराया गया।

गौरतलब है कि सोमवार को भी प्रशासन अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। उस समय अतिक्रमणकारियों ने अधिकारियों से स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन का समय मांगा था। अंचलाधिकारी ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें समय दिया, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने पहले अतिक्रमणकारियों से स्वयं निर्माण हटाने की अपील की। उनके शांत एवं मानवीय व्यवहार की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इसके बाद जेसीबी की मदद से अतिक्रमित संरचनाओं को हटाया गया।

अंचलाधिकारी आकाशदीप सिन्हा ने बताया कि रामचंद्रपुर इटहरी गांव में 28 लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया था। जिला प्रशासन के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को 28 में से 23 अतिक्रमणकारियों से भूमि खाली करा ली गई। शेष पांच लोगों ने अपने पक्ष में जमाबंदी के दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिसके कारण फिलहाल उनके कब्जे को नहीं हटाया गया है। उन्होंने बताया कि इन पांचों जमाबंदियों के रद्दीकरण के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है। जमाबंदी निरस्त होने के बाद उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर अंचल सीआई राजेश कुमार झा, दारोगा सुशील कुमार, मुकेश कुमार, शहनवाज खान, राजस्व कर्मचारी शिवानंद कुमार, धरमवीर कुमार, अंचल अमीन मधुलता कुमारी, रिया कुमारी, मधु कुमारी, सन्नी कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं प्रशासनिक कर्मी मौजूद रहे।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |