सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर ,बांका ,बिहार
बांका सदर अस्पताल में 4 बेड के आईसीयू का शुभारंभ, गंभीर मरीजों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा
जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। बांका सदर अस्पताल में चार बेड वाले अत्याधुनिक आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) का जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। आईसीयू सेवा शुरू होने से अब गंभीर मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार की सुविधा जिले में ही उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रीतम साह (शंभूगंज) सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने आईसीयू का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने कहा कि आईसीयू सेवा शुरू होने से गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में रेफर करने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी। समय पर बेहतर इलाज मिलने से मरीजों की जान बचाने में भी सहायता मिलेगी।
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि आईसीयू में आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।
आईसीयू सेवा शुरू होने पर लोगों ने खुशी जताई और इसे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। इससे गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर इलाज के लिए अब अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
.png)




