सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर, बांका (बिहार)
दुकान के बाहर कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद, मारपीट में युवक घायल, भागलपुर रेफर
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के आराजी करसोप मोहल्ले में दुकान के बाहर झाड़ू लगाकर कूड़ा फेंकने को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई, जिसमें एक पक्ष के धर्मेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन घायल धर्मेंद्र कुमार को लेकर शंभूगंज थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने घायल की स्थिति को देखते हुए तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शंभूगंज भेजा। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर एवं शरीर पर गंभीर चोट होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), भागलपुर रेफर कर दिया।
घायल धर्मेंद्र कुमार ने आरोप लगाया है कि दुकान के बाहर कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद के दौरान सूरज कुमार उर्फ पप्पू साह तथा उसके पुत्र शिवम कुमार और शंभू कुमार ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दूसरे पक्ष के सूरज कुमार उर्फ पप्पू साह ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्हें जानबूझकर बदनाम करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने उल्टे धर्मेंद्र कुमार पर ही मारपीट करने का आरोप लगाया है।
इधर, शंभूगंज थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मोहल्ले में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति सामान्य है।
.png)




